पोलायकलां। लगातार हो रही सिंचाई मोटर और बिजली केबल चोरी की घटनाओं से नाराज किसानों ने सोमवार को मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किसानों ने पुलिस और चौकी प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं हुआ है। चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। आज जब भाजपा नेता वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद नरेंद्र मंडलोई के जंगल में चोरी हुई जब जाकर के पुलिस जागी और कार्यवाही हुई
सड़क पर किसानों के बीच बैठे एसडीओपी और नगर परिषद अध्यक्ष, बातचीत से खुला जाम
चक्का जाम के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था। किसानों का कहना था कि वे केवल ठोस कार्रवाई का भरोसा मिलने पर ही आंदोलन समाप्त करेंगे। ऐसे में शुजालपुर एसडीओपी निमेश देशमुख और नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार स्वयं सड़क पर किसानों के बीच बैठ गए और उनकी समस्याएं सुनीं।
करीब आधे घंटे चली चर्चा में अधिकारियों ने बताया कि शाजापुर से साइबर टीम जांच में जुट चुकी है तथा पांच दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर चक्का जाम खोल दिया और करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।