शाजापुर। जिले के पोलायकलां में लगातार हो रही मोटर और बिजली केबल चोरी की घटनाओं से नाराज किसानों ने सोमवार को चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने पुलिस प्रशासन और चौकी प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार मोटर और केबल चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। किसानों ने कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
किसानों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
फिलहाल चक्का जाम के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस प्रशासन किसानों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा।