मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक पाउडर और 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर एक दंपती को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ, एक्टिवा स्कूटी और मोबाइल सहित कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 4 लाख 76 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी-
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पुरुष और महिला एक्टिवा स्कूटी से अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर दलौदा-धुंधड़का रोड स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की गई।
इस दौरान एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक और महिला को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान शिवा उर्फ शिवनारायण परिहार (34) एवं नीलू (31), निवासी अंबिका नगर, दलौदा के रूप में बताई।
तलाशी में मिला मादक पदार्थ-
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक पाउडर एवं 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। आरोपियों के विरुद्ध थाना दलौदा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले-
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शिवा उर्फ शिवनारायण के विरुद्ध थाना भावगढ़ में अवैध शराब तस्करी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वहीं, दोनों आरोपियों के विरुद्ध रतलाम जिले के जावरा शहर थाना क्षेत्र में भी मादक पदार्थ तस्करी का प्रकरण दर्ज है।
जब्त सामग्री-
- 30 ग्राम स्मैक पाउडर (कीमत लगभग 3 लाख रुपए)
- 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग 6 हजार रुपए)
- एक्टिवा स्कूटी क्रमांक एमपी 14 जेडएच 6438 (कीमत लगभग 70 हजार रुपए)
- दो एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग 1 लाख रुपए)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी, उपनिरीक्षक कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, जितेन्द्र त्रिवेदी, आरक्षक युवराज सिंह, सुनील तथा महिला आरक्षक रीना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।