पिपलियामंडी/मल्हारगढ़। मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम काचरिया चन्द्रावत स्थित धनगर तीर्थ यात्रा संघ द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बाबा बर्फानी अमरनाथ (पंजाब मार्ग) एवं माता वैष्णो देवी की धार्मिक यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में नगर सहित आसपास के अंचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व नप अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील देवरिया, प्रॉपर्टी ब्रोकर्स गोविंद धनोतिया, राकेश काबरा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने सभी यात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया तथा उनकी सुखद, मंगलमय एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
यात्रा आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा लगभग 10 से 12 दिनों की रहेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन एक समय चाय-नाश्ता, एक समय भोजन तथा धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था संघ द्वारा की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री सांवरियाजी, नया सांवरियाजी, कांकरोली, चारभुजाजी, नाडोल आशापुरा माता, ओम बन्ना, बाबा रामदेवरा, अमृतसर, जलियांवाला बाग, वाघा बॉर्डर, कुरुक्षेत्र, माता वैष्णो देवी (कटरा), बाबा अमरनाथ, सालासर बालाजी, खाटूश्यामजी, पुष्कर, देमाली, जोगणिया माता एवं तिलस्वां महादेव सहित अनेक प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
धनगर तीर्थ यात्रा संघ के इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने यात्रियों के सुरक्षित एवं सफल दर्शन की कामना करते हुए उन्हें शुभ यात्रा का संदेश दिया।