माउंट आबू। राजस्थान के माउंट आबू स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवियों और भामाशाहों के सहयोग से 1700 से अधिक विद्यार्थियों को पूरे वर्ष की पाठ्य पुस्तकें और शिक्षा सामग्री वितरित की गई।
राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में समाज के भामाशाह भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रवेश उत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी मणिभाई जोशी, श्रीमती हीराबेन जोशी, भाजपा जिला मंत्री एवं होटल उद्यमी गीता अग्रवाल, इनरव्हील क्लब की सदस्य एवं पदाधिकारी, रानीवाड़ा विधायक की पत्नी विराज देसाई, विद्यालय प्राचार्य और शिक्षकगण मौजूद रहे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को पूरे शैक्षणिक सत्र में उपयोग होने वाली पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां और अन्य आवश्यक शिक्षा सामग्री एक साथ वितरित की गई। आयोजकों ने बताया कि यह सेवा कार्य पिछले 15 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में सहायता मिलती है और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ता है।
भामाशाह मणिभाई जोशी ने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा निवेश है और बच्चों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। वहीं होटल उद्यमी गीता अग्रवाल ने कहा कि ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और उनका भविष्य मजबूत होता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हमारे संवाददाता ने मणिभाई जोशी, गीता अग्रवाल और विद्यालय के शिक्षकों से विशेष बातचीत भी की।