गरोठ। गरोठ क्षेत्र से गुजर रहे 8 लेन हाईवे पर सोमवार सुबह एसिड से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा एसिड सड़क किनारे स्थित खेतों में फैल गया, जिससे किसानों की फसल और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि सुबह करीब टैंकर 8 लेन हाईवे के एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा एसिड खेतों की ओर बह गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रभावित किसानों के अनुसार एसिड फैलने से करीब 10 से 15 बीघा क्षेत्र की खड़ी फसल प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि रासायनिक पदार्थ के कारण फसलें झुलस गई हैं तथा कृषि भूमि की उर्वरता पर भी असर पड़ने की आशंका है। घटना के बाद किसानों में नाराजगी देखी गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को प्रभावित फसलों का सर्वे कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएचएआई के अधिकारियों को हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। एसडीएम ने प्रभावित किसानों से चर्चा कर उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया।
गरोठ पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही टैंकर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। टैंकर से रिसे एसिड को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए संबंधित एजेंसी की सहायता ली गई।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।