ग्वालियर। देशभर में 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्वालियर कलेक्टर कार्यालय में भी शहीद जवानों को नमन करते हुए सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के अधिकारियों ने ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान को फ्लैग बैज लगाया। ग्वालियर जिले को इस बार 11 लाख 38 हजार रुपये का फंड जोड़ने का टारगेट मिला था लेकिन सशस्त्र सेना झंडा दिवस तक जिले में शहीदों के सम्मान में रिकॉर्ड 12 लाख 80 हजार के लगभग फंड जोड़ा गया।
बता दें कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों के कल्याण हेतु भारत की जनता से फंड कलेक्शन के प्रति समर्पित एक दिन है। यह 7 दिसम्बर 1949 से भारत में हर साल मनाया जाता है। सशस्त्र सेना के प्रतीक चिन्ह झंडे को बांटकर इस राशि को जोड़ा जाता है, इस झंडे में तीन रंग लाल, गहरा नीला और हल्का नीला जो तीनों सेनाओं को प्रदर्शित करता है। सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर जन सहयोग से एकत्रित होने वाली राशि का उपयोग युद्ध के समय हुई जनहानि, सेना में कार्यरत कर्मियों और उनके परिवार के कल्याण सहयोग के साथ सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवार की आर्थिक मदद में किया जाता है। जानकारी कैप्टन लाइक राम चौरसिया- जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ने दी।