नीमच। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए इनरव्हील क्लब नीमच डायमंड द्वारा सोमवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित रेड क्रॉस ब्लड बैंक में प्रेरणादायी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया। आयोजन में 50 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
क्लब की अध्यक्ष पायल गुर्जर ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान उनके जीवन के लिए नई उम्मीद बनता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान कर इस मानवीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
शिविर में क्लब की सदस्याओं के साथ अनेक स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने भाग लेते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर क्लब की सचिव दिव्या जैन, एडिटर जयंती एन्या, पूर्व अध्यक्ष पूजा गर्ग, पूजा खंडेलवाल, पलक खंडेलवाल, गौरी खंडेलवाल सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।
शिविर के सफल संचालन में रेड क्रॉस ब्लड बैंक के चिकित्सकों एवं स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने इस अवसर पर संदेश दिया कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के जीवन की नई सांस बन सकती है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।