नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ सहित पिकअप वाहन, मोबाइल एवं अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 72 लाख 64 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सिंगोली थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया पिकअप वाहन-
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को सिंगोली-कांस्या आम रोड स्थित तिलस्वां घाट के नीचे पहले मोड़ पर पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सिंगोली की ओर से एक पिकअप वाहन क्रमांक आरजे 42 जीए 4006 आता दिखाई दिया।
पुलिस नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 28 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में कुल 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी-
पुलिस ने मौके से आरोपी जसराज पिता बन्नालाल घासल जाट (37 वर्ष), निवासी शमशान घाट के पास ग्राम जीरोता, तहसील अराई, थाना बोराड़ा, जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी से जब्त डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
जब्त सामग्री-
450.800 किलोग्राम डोडाचूरा -कीमत 67 लाख 62 हजार रुपए
पिकअप वाहन क्रमांक आरजे 42 जीए 4006 कीमत 5 लाख रुपए
मोबाइल फोन - कीमत 1 हजार रुपए
प्लास्टिक त्रिपाल एवं रस्सी - कीमत 1,500 रुपए
कुल जब्त सामग्री की कीमत - 72 लाख 64 हजार 500 रुपए
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।