इंदौर। चोइथराम मंडी में लहसुन की कम कीमतों को लेकर शनिवार को किसान और व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। आढ़तियों के माध्यम से नीलामी कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। फिर दूसरे गुट के व्यापारी, किसानों और मंडी सचिव नरेंद्र सिंह परमार के बीच बातचीत हुई। दो घंटे बाद फिर नीलामी शुरू हो गई।
मंडी में शनिवार सुबह लहसुन की नीलामी 30 हजार रुपए प्रति क्विंटल से हुई। इस पर कुछ किसानों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि, हम इतनी कीमत पर लहसुन नहीं बेचेंगे। जिसका व्यापारियों ने भी समर्थन दिया। आढ़तियों के माध्यम से नीलामी का सिस्टम शुरू किए जाने की मांग की। वहीं दूसरा गुट विरोध के पक्ष में नहीं था। इसे लेकर दोनों गुटों में तनातनी रही।
हंगामे के बाद मंडी सचिव ने व्यापारियों और किसानों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि, आढ़तियों से नीलामी की प्रक्रिया का मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। ऐसे में कोई नया सिस्टम लागू नहीं किया जा सकता। इसके बाद मामला शांत हो गया और काम शुरू हो गया।
मंडी सचिव नरेंद्र सिंह परमार ने बताया
लहसुन अच्छी कीमत में बिक रहा है। शुक्रवार को 28 हजार रुपए प्रति क्विंटल भाव रहा। आज 30 हजार रुपए प्रति क्विंटल में बिका।