इंदौर। नगर निगम परिषद के सम्मेलन में मंगलवार को हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है। जवाब में भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस नेता जीतू पटवारी पर घुटनों पर बाबा साहब का फोटो रखकर उनका अपमान करने का आरोप लगाते हुए उनके बड़े पोस्टर लेकर हंगामा किया।
दिनभर परिषद हंगामें की भेंट चढ़ा रहा, इस बीच ही शहर से जुड़ें कई प्रस्ताव भी पास हुए। इधर, शाम में बीजेपी पार्षद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर एफआईआर की मांग को लेकर पलासिया थाने पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। यहां उन्होंने पटवारी पर एफआईआर की मांग को लेकर आवेदन दिया। भाजपा पार्षदों ने श्शर्म करो... शर्म करो...श् के नारे लगाए और कहा कि बाबा साहब का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीजेपी पार्षद पहुंचे थाने, पटवारी पर एफआईआर की मांग
नगर निगम परिषद के सम्मेलन के बाद एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा (मामा) शाम को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पर केस दर्ज करने को लेकर पलासिया थाने पहुंचे। वो पटवारी द्वारा डॉ. अंबेडकर के फोटो को घुटने पर रखने के विरोध में थाने पहुंचे थे। साथ ही थाने पर टीआई को एक ज्ञापन देकर पटवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है।