चित्तौड़गढ़। भारत की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनियों में शामिल न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड ने गुजरात के सूरत स्थित लिमला सीमेंट प्लांट का संचालन शुरू कर दिया है। यह प्लांट वदराज सीमेंट लिमिटेड की प्रमुख विनिर्माण इकाइयों में से एक है। इसके साथ ही कंपनी ने गुजरात में अपनी औद्योगिक उपस्थिति दर्ज कराते हुए पश्चिम भारत में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
कंपनी ने जून 2025 में कॉर्पाेरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रक्रिया के तहत करीब 1,800 करोड़ रुपये में वदराज सीमेंट लिमिटेड का अधिग्रहण किया था। वदराज सीमेंट के पास कच्छ स्थित क्लिंकर यूनिट, सूरत के लिमला में ग्राइंडिंग यूनिट, उच्च गुणवत्ता वाले चूना पत्थर के भंडार तथा एक कैप्टिव जेट्टी उपलब्ध है।
अधिग्रहण के बाद कंपनी ने कच्छ और लिमला स्थित इकाइयों का आधुनिकीकरण एवं विस्तार किया। इसके परिणामस्वरूप लिमला ग्राइंडिंग यूनिट निर्धारित समय से पहले तैयार होकर शुरू हो गई, जहां 20 लाख टन वार्षिक ग्राइंडिंग क्षमता के साथ उत्पादन प्रारंभ किया गया है।
कंपनी के अनुसार वदराज सीमेंट की सभी इकाइयों के पूर्ण संचालन के बाद न्युवोको की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा उत्तर एवं पश्चिम भारत के संयंत्रों से आएगा। इससे वित्त वर्ष 2027-28 तक 3.5 करोड़ टन वार्षिक उत्पादन क्षमता के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।
लिमला प्लांट के संचालन से गुजरात और पश्चिमी महाराष्ट्र के बाजारों में कंपनी की पहुंच बढ़ेगी। साथ ही राजस्थान के निम्बोल और चित्तौड़गढ़ स्थित मौजूदा संयंत्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे उत्पादों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।
इस प्लांट में ऑर्डिनरी पोर्टलैंड सीमेंट (ओपीसी), पोर्टलैंड स्लैग सीमेंट (पीएससी), पोर्टलैंड पोज़ोलाना सीमेंट (पीपीसी) तथा पोर्टलैंड कंपोजिट सीमेंट (पीसीसी) सहित कंपनी के विभिन्न उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। ग्राहकों को न्युवोको ड्यूरागार्ड श्रृंखला के उत्पाद भी उपलब्ध होंगे।
कंपनी के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि लिमला ग्राइंडिंग यूनिट का संचालन शुरू होना कंपनी की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि गुजरात कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजार है और इस निवेश से उत्तर एवं पश्चिम भारत में ग्राहकों तक उत्पादों की आपूर्ति अधिक तेज़ और प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।