नीमच। आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के तत्वावधान में नीमच में पहली बार बच्चों के लिए अंतर्ज्ञान (इंट्यूशन) प्रोसेस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन स्थानीय पी.एस. अग्रसेन भवन में किया गया। श्री श्री रविशंकर की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर में बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर पढ़ने, लिखने और विभिन्न वस्तुओं की पहचान करने का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक आश्चर्यचकित रह गए।
शिविर के दौरान बच्चों ने एकाग्रता, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ प्रशिक्षिका सीमा गर्ग (नीमच) एवं अंतिमा जोशी (भीलवाड़ा) ने किया।
प्रशिक्षिकाओं ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और फोकस का विकास करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों ने ऐसे प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई तथा सफल आयोजन के लिए आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।