चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत डूंगला थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर मादक पदार्थ तस्करों को अवैध पिस्टल एवं जिंदा कारतूस उपलब्ध कराने का आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना मंगलवाड़ में दर्ज अवैध अफीम एवं अवैध पिस्टल मय जिंदा कारतूस परिवहन के मामले में मादक पदार्थ तस्करों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी राजेश पिता नृसिंह रेबारी निवासी रेबारीयों की ढाणी, थाना भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़ फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर लगातार स्थान बदलकर रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजेश रेबारी आसावरा माताजी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर डूंगला थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना मंगलवाड़ में एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
थानाधिकारी शैतान सिंह एवं डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, राजदीप, कांस्टेबल विजय, दीपक, विक्रम एवं दुर्गाराम का सराहनीय योगदान रहा।