रायसेन। महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार को भोजपुर और रायसेन किले की पहाड़ी पर मेले का आयोजन होगा। यहां सुबह 5 बजे से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारी की है। एएसपी कमलेश कुमार खुरपुसे ने बताया कि दोनों जगह 550 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। पर्व के दौरान भोजेश्वर महादेव का फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। किले की पहाड़ी पर स्थित सोमेश्वर धाम के तले वर्ष में एक बार, महाशिवरात्रि पर ही खोले जाते हैं। एसडीएम मुकेश सिंह और तहसीलदार हर्ष विक्रम की मौजूदगी में मंदिर खुलने के बाद सोमेश्वर धाम समिति सफाई और अभिषेक करेगी। मंदिर परिसर और किले की पहाड़ी को रंगीन लाइटों से सजाया गया है।बम-बम भोले सेवा समिति की ओर से विशाल शिव बारात का आयोजन किया जाएगा। यह बारात सागर रोड स्थित पाटन देव हनुमान मंदिर से सुबह 10 बजे निकलेगी। दोपहर 2-3 बजे के बीच सोमेश्वर धाम पहुंचेगी। बारात में 15 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा, महाकाल की शाही सवारी और 15 फीट लंबा त्रिशूल शामिल होगा। मां वैष्णो दरबार सेवा समिति और अमरनाथ सेवा समिति के 50 से अधिक सदस्य किले की पहाड़ी पर पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को को फलाहार सामग्री का वितरण करेंगे। इसमें फलहारी चूड़ा, चिप्स, दूध और गाजर का हलवा शामिल है। मंदिर परिसर में सोमेश्वर महादेव के छायाचित्र भी वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य है कि हर घर में सोमेश्वर महादेव की प्रतिमा स्थापित हो, जिससे लोग नित्य पूजा-अर्चना कर सकें।