इंदौर। महाशिवरात्रि मेला के दौरान सीहोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए वहां से गुजरने वाली 11 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का 2 मिनट का अस्थाई ठहराव दिया जाएगा। यह ठहराव 25 फरवरी यानी आज से 03 मार्च तक दिया जाएगा।
इधर, उत्तर पूर्व रेलवे लखनऊ मंडल के लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्य हेतु प्रस्तावित ब्लॉक के कारण पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के इंदौर से चलने वाली दो ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
इंदौर से चलने वाली गाड़ी संख्या 19313 इंदौर पटना एक्सप्रेस 26 फरवरी से 23 अप्रैल तक परिवर्तित मार्ग वाया मानक नगर-ऐशबाग-मल्हौर-अयोध्या कैंट-जफराबाद चलेगी। इस दौरान यह ट्रेन लखनऊ, निहालगढ़, सुल्तानपुर एवं शिवपुर स्टेशन नहीं जाएगी।
इस ट्रेन का ऐशबाग, अयोध्या कैंट एवं जौनपुर स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। वहीं, इंदौर से चलने वाली गाड़ी संख्या 19321 इंदौर पटना एक्सप्रेस 01 मार्च से 19 अप्रैल तक परिवर्तित मार्ग वाया मानक नगर-ऐशबाग-मल्हौर चलेगी। इस दौरान यह ट्रेन लखनऊ स्टेशन नहीं जाएगी तथा ऐशबाग स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।