मंदसौर। मालवा के मंदसौर के भूतभावन स्थित अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने सुबह 4 बजे से ही मंदिर के द्वार खोल दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में करीब 200 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है।
पशुपतिनाथ मंदिर के पुजारी कैलाश भट्ट के अनुसार प्रदोष के साथ महाशिवरात्रि का विशेष संयोग है। सुबह भगवान का दूध, दही और पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया। दिन में भी भगवान को दूध-दही से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद मेवा, भांग और फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। शाम को मंदिर के आराधना हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सागर से आए जुगल किशोर नामदेव साढ़े 6 बजे प्रस्तुति देंगे। इंदौर की कविता तिवारी महादेव पर केंद्रित नृत्य करेंगी। नर्मदापुरम की दामिनी पठारिया भक्ति गायन प्रस्तुत करेंगी।
रात को महाशिवरात्रि के चारों पहर विद्वान ब्राह्मणों द्वारा भगवान पशुपतिनाथ का विशेष अभिषेक किया जाएगा। आरती और राजभोग अर्पण भी होगा। दर्शन का सिलसिला देर रात तक चलेगा।