ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने अनोखे अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। रविवार सुबह ग्वालियर में वह साइकिल पर सवार होकर शहर भ्रमण पर निकले। उनके समर्थक भी साइकिल से उनके पीछे चलते नजर आए। न्यू कॉलोनी स्थित अपने आवास से उन्होंने साइकिल उठाई और इंटक मैदान तक पहुंचे।
मोलभाव किया और धनिया भी ऊपर से डलवाया
इंटक मैदान स्थित सब्जी मंडी में मंत्री तोमर ने घर के लिए लौकी, आलू, प्याज, टमाटर और तरबूज खरीदा। इस दौरान उन्होंने आम ग्राहकों की तरह सब्जियों के दाम पूछे, मोलभाव किया और धनिया भी ऊपर से डलवाया। दुकानदारों ने पैसे लेने से इनकार किया, लेकिन मंत्री तोमर ने जोर देकर सब्जियों का भुगतान किया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदूषण मुक्त समाज बनाने के लिए लोगों को साइकिल का अधिक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन लोग बाइक और कार की जगह साइकिल अपनाएं, जिससे पर्यावरण स्वच्छ बना रहे।
जनता से संवाद और जागरूकता अभियान
शहर भ्रमण के दौरान ऊर्जा मंत्री हजीरा भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। समर्थकों के साथ साइकिल से निकले मंत्री तोमर ने लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।