नीमच। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान में व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 121 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जबकि एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और अन्य अधिनियमों के तहत कई प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के कुशल निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में 04-05 जुलाई 2026 की दरमियानी रात जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में यह विशेष कॉम्बिंग गश्त (Combing Patrol) अभियान चलाया गया। अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं भारी पुलिस बल शामिल रहा।
फरार आरोपियों की धरपकड़ और सघन चेकिंग-
अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों एवं गुंडा-बदमाशों की चेकिंग, होटल-लॉज और ढाबों की औचक जांच तथा महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों की सघन निगरानी की गई। साथ ही सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों जैसे बैंक, एटीएम और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई।
वाहन चेकिंग में कार्रवाई-
अभियान के दौरान जिले के 12 चिन्हित स्थानों पर संयुक्त चेकिंग प्वाइंट लगाए गए। इस दौरान 180 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 52 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर ₹23,600 समन शुल्क वसूला गया। अत्यधिक शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
121 वारंट तामील, कई गंभीर मामलों के आरोपी गिरफ्तार-
अभियान में कुल 121 वारंट तामील किए गए, जिनमें 40 स्थायी वारंट और 81 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 01, शरीर संबंधी अपराधों के 37 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों (चोरी/लूट) के 14 वारंट शामिल हैं।
डोडाचूरा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई-
एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना जावद और सिंगोली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 130 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जावद पुलिस ने मारुति अर्टिगा वाहन से 60 किलो डोडाचूरा जबकि सिंगोली पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार से 70 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया।
आबकारी एवं सट्टा एक्ट में भी कार्रवाई-
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर 68 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब (कीमत ₹8700) जब्त की गई। वहीं सट्टा एक्ट के तहत 02 प्रकरणों में ₹730 नकद राशि भी बरामद की गई।
निगरानी बदमाशों की चेकिंग-
पुलिस टीमों द्वारा 112 सक्रिय निगरानी बदमाशों एवं 04 जिला बदर अपराधियों की औचक जांच की गई। उनके निवास, गतिविधियों और आजीविका स्रोतों की जानकारी एकत्र की गई तथा रिकॉर्ड अपडेट किया गया।
होटल-ढाबों की सघन जांच-
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु जिले के 53 होटल, लॉज एवं ढाबों की जांच की गई। संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई-
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 56 अनावेदकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। साथ ही महिला अपराधों में संलिप्त 04 आदतन अपराधियों की विशेष निगरानी की गई।
पुलिस अधीक्षक का बयान-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।