नीमच। उपनगर बघाना के वार्ड क्रमांक 39 स्थित रामदेव बाबा मंदिर मार्ग पर पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क धंस जाने से गंभीर लापरवाही सामने आई है। पहली ही बारिश में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले यहां जलदाय विभाग/नगर पालिका द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की उचित मरम्मत करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया, जो बारिश में पूरी तरह धंस गई।
इसके बाद सड़क की स्थिति अत्यंत खतरनाक हो गई है। दोनों ओर सड़क ऊंची और बीच में गहरे गड्ढे बन जाने से यह मार्ग वाहन चालकों, विशेषकर बाइक सवारों के लिए जोखिम भरा हो गया है।
बीते दो दिनों से यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार रात एक बाइक सवार गड्ढे में फंसकर सड़क पर गिर गया और कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, बाइक सवार को गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का सही तरीके से पैचवर्क किया जाए, अन्यथा वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।