इंदौर/जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के जबलपुर स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) को सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ/आईईसी 27001:2022 अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि देश के बड़े राज्य भार प्रेषण केंद्रों में मध्यप्रदेश एसएलडीसी को अग्रणी बनाती है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि यह प्रमाणन दिल्ली स्थित संस्था क्वालिटी एशिया सर्टिफिकेशन द्वारा विस्तृत मूल्यांकन एवं ऑडिट के बाद प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से प्रदेश की ऊर्जा क्षेत्र में प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ हुई है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में विद्युत ग्रिड संचालन पूर्णतः डिजिटल और संचार नेटवर्क आधारित है, ऐसे में सूचना सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा डेटा की गोपनीयता अत्यंत आवश्यक है। यह प्रमाणन एसएलडीसी जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मजबूत सूचना सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि करता है।
एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रमाणन के दायरे में एसएलडीसी के सभी कर्मचारी, प्रक्रियाएं, सूचना परिसंपत्तियां, रियल टाइम ग्रिड संचालन, विद्युत शेड्यूलिंग, निगरानी एवं नियंत्रण, संचार व्यवस्था तथा आईटी एवं ओटी (ऑपरेशनल टेक्नोलॉजी) अवसंरचना शामिल है।
उन्होंने बताया कि प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान संपूर्ण प्रणाली का गहन परीक्षण किया गया, जिसके बाद एसएलडीसी को यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्रदान की गई।