नर्मदापुरम। बागरा क्षेत्र में तवा नदी किनारे स्थित गौरी शाह बाबा की ऐतिहासिक मजार में रविवार सुबह तोड़फोड़ की घटना सामने आई। सुबह जब लोग मजार पर दर्शन के लिए पहुंचे तो गेट और परिसर में तोड़फोड़ के निशान मिले। साथ ही सोलर लाइट की बैट्री गायब मिली।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मजार परिसर में जमा हो गए। समाज के लोगों में आक्रोश बढ़ता देख प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही एसडीओपी संजू चौहान, तहसीलदार सुनील गढ़वाल और माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से चर्चा कर स्थिति शांत कराई और जांच का आश्वासन दिया।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि माखननगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मजार परिसर की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक मानी जाती है मजार
बागरा तवा स्थित गौरी शाह बाबा की मजार 15वीं सदी की बताई जाती है। यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग मन्नत मांगने आते हैं। जिले में इसे सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक माना जाता है।