नीमच। जिला शतरंज संघ नीमच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को टाउन हॉल, नीमच में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। प्रतियोगिता में नीमच सहित मध्यप्रदेश एवं देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 4 वर्षीय सानवी गर्ग (नीमच), जो प्रतियोगिता की सबसे कम आयु की प्रतिभागी हैं, तथा 85 वर्षीय आरके गुप्ता (झांसी), जो सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी हैं, ने भी कलेक्टर के साथ प्रतीकात्मक चाल चलकर शुभारंभ किया।
कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन, तार्किक सोच और निर्णय क्षमता विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिले में शतरंज के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए आगामी समय में और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रतियोगिता सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर होती है। खिलाड़ियों को पूर्ण आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना चाहिए। जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य शतरंज को प्रोत्साहन देना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में जिला शतरंज संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।