धार। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) धार में आयुष्मान भारत कार्यक्रम के अंतर्गत श्उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेसश् का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 1 से 3 जुलाई तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के 90 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का संचालन डाइट प्राचार्य मनोज शुक्ला, जिला नोडल अधिकारी डॉ. निगम, अंजली अग्रवाल एवं ज्योति के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा किया गया। इसमें कक्षा 9 से 12 की उमंग मार्गदर्शिका के विभिन्न सत्रों को डेमो क्लास के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित करने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए 10 प्रमुख जीवन कौशल- स्व-जागरूकता, संवाद कौशल, समानुभूति, समालोचनात्मक एवं रचनात्मक चिंतन, निर्णय क्षमता, समस्या समाधान, भावनात्मक प्रबंधन और तनाव से निपटने जैसे विषयों पर गतिविधियों, रोल-प्ले और समूह चर्चा के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
समापन दिवस पर किशोर स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य और श्मनहितश् एप सहित टोल फ्री हेल्पलाइन 14416 की जानकारी दी गई। डाइट प्राचार्य मनोज शुक्ला ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालयों में विद्यार्थियों तक इन विषयों की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा शिक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और व्यवहारिक बताया।