इंदौर। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के दौरान शनिवार शाम पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिवार सहित मंदिर में आयोजित श्रृंगार आरती और शयन आरती में भी सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि यह दिन उनके जीवन का अत्यंत भावनात्मक और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में उन्होंने देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का संकल्प लिया था, जो भगवान महादेव की कृपा से अब पूर्ण होने जा रहा है। उन्होंने इस आध्यात्मिक यात्रा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताया।
ज्ञानेश कुमार ने देशवासियों से अपने जीवन में अध्यात्म को विशेष महत्व देने का आह्वान करते हुए कहा कि अध्यात्म व्यक्ति को आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण और देश की उन्नति में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक आगम जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।