देवास। शहर के जेतपुरा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ग्राहक अपने वाहन में डाले गए पेट्रोल को दूषित बताते हुए उसमें पानी मिलने का आरोप लगा रहा है।
मामला सामने आते ही संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को एहतियातन बंद करा दिया है। खाद्य अधिकारी बी.एस. राय ने फोन पर चर्चा में बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई की और प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि टैंक में पानी पहुंचने के कारण पेट्रोल दूषित हुआ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक तकनीकी खामी पूरी तरह दूर नहीं हो जाती, तब तक पेट्रोल पंप बंद ही रहेगा। विभाग द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद शहरवासियों में चिंता का माहौल है। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।