खरगोन। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन और शिक्षा व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कसरावद के शासकीय सांदीपनि विद्यालय का खेल मैदान पूरी तरह जलमग्न होकर तालाब में तब्दील हो गया है। स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को भरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनके जूते, मोजे और यूनिफॉर्म खराब हो रहे हैं। दूसरी ओर जिम्मेदार विभाग अब तक केवल आश्वासन देता नजर आ रहा है। ग्रामीण इलाके की ग्राम कोगांवा के स्कूल का हाल है जो छोटे बच्चे पानी में निकलते हुए आपको दिखाई देंगे।
लगातार बारिश के कारण विद्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पूरा मैदान पानी से भर गया है। रोजाना बच्चे इसी पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचने को मजबूर हैं। इससे उनके कपड़े और जूते खराब होने के साथ-साथ हादसे का भी खतरा बना हुआ है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि नगर परिषद को पहले ही पत्र लिखकर जल निकासी की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर, शिक्षा विभाग के बीईओ और बीआरसी का कहना है कि सोमवार को विद्यालय का निरीक्षण कर पानी निकासी की उचित व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सवाल यह है कि जब बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं, तब प्रशासन और नगर परिषद आखिर कब जागेंगे? क्या जिम्मेदार विभाग बच्चों की परेशानी खत्म करेगा या फिर वे इसी तरह पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर रहेंगे?