खरगोन। जिले में यदि सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही निमाड़वासियों को सहेजला - खंडवा से अलीराजपुर तक रेल की पटरी और उस पर दौड़ती रेल नजर आने वाली है। ऐसा इसलिए कि 6 मार्च से शुरु हुआ रेलवे लाईन का सर्वे कार्य तेजगति से चल रहा है। महज दो सप्ताह में 140 किमी याने अलीराजपुर से खरगोन तक की दूरी का सर्वे पूरा हो चुका है, शेष सर्वे भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। शनिवार को खरगोन का सर्वे कार्य पूरा होने पर ताप्ती नर्मदा रेल लाईन केंद्रिय समिति निमाड़ क्षेत्र के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता आयोजित कर उक्त जानकारी दी।
समिति अध्यक्ष दामोदर अगवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम पाटीदार ने बताया कि करीब 87 साल से निमाड़ क्षेत्र में रेल लाईन की मांग की जा रही है, समिति ने रेल लाईन स्वीकृति के लिए पिछले चार साल में अनगिनत रेल अधिकारियो, केंद्रिय, प्रदेश मंत्रियों, प्रमुख सचिवों, सचिवों से मुलाकात के साथ ही धरना, रैली, आंदोलन किए जिसके परिणाम स्वरुप 6 जुलाई 2024 को भारत सरकार रेल मंत्रालय ने 6 करोड़ 25 लाख रुपए अलीराजपुर से खंडवा रेल लाईन फाइनल स्वीकृति सर्वे राशि जारी की।