ग्वालियर। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार रात को ग्वालियर के तीन दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। वह सोमवार सुबह उपनगर मुरार स्थित विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (कॉलेज) में नवनिर्मित ललितकला संकाय भवन, पुस्तकालय भवन व विज्ञान भवन प्रथम तल का लोकार्पण करेंगे।
साथ ही वीआरजी कॉलेज के वार्षिकोत्सव समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित करेंगे। साथ ही उनसे संवाद भी करेंगे।
वीआरजी कॉलेज में छात्रों से करेंगे संवाद
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रवास का दूसरा दिन सोमवार को रहेगा। सोमवार सुबह 10 बजे वह कॉलेज पहुंचेंगे। यहां महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही केन्द्रीय मंत्री के मुख्य आतिथ्य में सुबह 10 बजे कई भवनों का लोकार्पण होगा।
विश्व बैंक परियोजना के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग 8 करोड़ रुपए की धनराशि से इन भवनों का निर्माण हुआ है। साथ ही विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। लोकार्पण एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग जन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद भारत सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल भी शामिल होंगे।
होली मिलन समारोह में करेंगे शिरकत
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मुरार वीआरजी कॉलेज के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद भितरवार में एक विद्युत सब स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह वापस ग्वालियर शहर लौटेंगे। यहां कोटेश्वर पैलेस गार्डन में होली मिलन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद जयविलास पैलेस में लोगों से संपर्क करेंगे।
मंगलवार को दिल्ली के लिए होंगे रवाना
मंगलवार प्रवास के तीसरे दिन महल में ही कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दोपहर 12.35 बजे इंडिगो की फ्लाइट्स के जरिए दिल्ली के लिए रवाना होंगे।