खरगोन। जिले के कसरावद में क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर शाला समय में परिवर्तन की मांग उठाई गई है। इसी सिलसिले में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विजय राय सुनहरे एवं सर्व शिक्षक संघ के संजय शर्मा और मोहन यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर, जिला खरगोन के नाम अनुविभागीय अधिकारी कसरावद श्री सत्येंद्र बैरवा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में शालाओं का संचालन प्रातः 7ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक किया जा रहा है। इस समय में विद्यार्थियों व शिक्षकों को दोपहर की भीषण गर्मी व लू का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी दोपहर 12ः00 से 4ः00 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
ज्ञापन में मांग की गई कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य हित में शाला संचालन का समय प्रातः 7ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक निर्धारित किया जाए।
इस प्रतिनिधिमंडल में संभागीय अध्यक्ष संजय शर्मा, सर्व शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मोहन यादव, रंजन वर्मा, अमृत पटेल, तथा महिला मोर्चा प्रमुख सुनीता वर्मा शामिल रहे। सभी ने इस मांग को आवश्यक और न्यायसंगत बताते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा की गई।