उज्जैन। इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित विक्रम व्यापार मेले में बुधवार को आखरी दिन भी कारों के रजिस्ट्रेशन के लिए लम्बी लाइन लगी रही। बीते करीब 64 दिनों में अब तक 35 हजार वाहन बिक चुके हैं। इससे शासन को 176 करोड़ रुपए का राजस्व मिला है। एक कार का वीआईपी नंबर 9 लाख रुपए में बिका।
24 फरवरी से शुरू हुए व्यापार मेले का समापन 31 मार्च को होना था। लेकिन इसे 9 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया गया था। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वाहन खरीदने के लिए उज्जैन पहुंचे थे। आरटीओ से मिली जानकारी के अनुसार इस बार मंगलवार तक 34670 वाहनों की बिक्री हो चुकी है। बुधवार को अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में लोगो ने दो पहिया और चार पहिया वाहन खरीदे। दोपहर एक बजे तक 35 हजार वाहन का रजिस्ट्रेशन हो चुका था।
9 लाख में बिका वीआईपी नम्बर
विक्रमोत्सव -2025 के दौरान एक माह से अधिक समय तक व्यापार मेले में बाइक, कार, निजी उपयोग हेतु ओमनी बस के रजिस्ट्रेशन पर 50 प्रतिशत की छूट मिली है। इसमें 3 करोड़ रुपए की मर्सिडीज बेंज और 1.5 करोड़ रुपए की बीएमडब्ल्यू भी बिकी। मेले में एक कार का वीआईपी नंबर 9 लाख रुपए में बिका।
तेज गर्मी में लोग परेशान होते रहे
आरटीओ ने गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए थे। इसके बावजूद लोगों को तेज गर्मी में करीब एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जो लोग अप्रोच लगाकर आ रहे थे उन्हें अलग से सुविधा देकर उनका काम 10 मिनट मे हो रहा था। इस व्यवस्था से नाराज कुछ लोगो ने इस पर अप्पति भी जताई।