नीमच। जिला मुख्यालय नीमच सहित मनासा और जावद न्यायालय परिसरों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह राजपूत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, डीएलएसए सचिव शोभना मीणा, खंडपीठ सदस्यगण, पैरालीगल वॉलेंटियर्स और कर्मचारी उपस्थित रहे। कुल 17 खंडपीठों के माध्यम से लोक अदालत आयोजित हुई। जिले की लोक अदालत में 143 न्यायालय में लंबित और 379 प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया। 339 व्यक्ति लाभान्वित हुए। मुख्य निराकृत प्रकरण में मोटरयान दुर्घटना के 2 प्रकरण है। जिसमें 30 लाख रुपए का अवार्ड पारित हुआ। न्यायालय में लंबित प्रकरणों में सबसे अधिक चैक अनादरण के 63 प्रकरण लोक अदालत के माध्यम से निराकृत हुए। जिसमें कुल राशि एक करोड़ दस लाख अड़तालीस हजार नौ सौ उनहत्तर का अवॉर्ड पारित हुआ। शमनीय अपराध के 29 प्रकरण तीन लाख बत्तीस हजार एक सौ सात रुपए का अवार्ड पारित किया गया। अन्य सिविल 3 और पारिवारिक विवाद के 18 प्रकरणों का निराकरण हुआ। नेशनल लोक अदालत में कल 4265 प्रीलिटिगेशन प्रकरण अग्रसित किए गए थे। जिसमें से 379 प्रकरण लोक अदालत में निराकृत किए गए। कुल दो करोड़ बाईस लाख चौरासी हजार पांच सौ चौरासी रूपए की वसूली हुई और 575 व्यक्ति लाभान्वित हुए।