भोपाल। भारत-पाकिस्तान के बीच इन दिनों तनाव चल रहा है। ऐसे में साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ गया है। इसी को मद्देनजर रखते हुए मध्य प्रदेश में साइबर सुरक्षा को लेकर एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने पाकिस्तान से जुड़ी खुफिया जानकारी के आधार पर सरकारी नेटवर्क में घुसपैठ की आशंका के मद्देनज़र एक साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। राज्य सरकार ने इस खतरे से निपटने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया है, जो पूरे राज्य में साइबर सुरक्षा तंत्र को सशक्त बनाएगी।
जानिये क्यों बनाई कमेटी-
इस कमेटी को बनाने का मुख्य उद्देश्य राज्य की साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और सरकार के सिस्टम में सुरक्षा खामियों को दूर करना है। पाकिस्तान से जुड़ी खुफिया जानकारी के आधार पर यह संभावना जताई जा रही थी कि सरकारी सिस्टम में घुसपैठ की कोशिश की जा सकती है। इसलिए, सरकार ने साइबर सुरक्षा के तंत्र को और मजबूत करने के लिए इस नई कमेटी का गठन किया। इस पहल से राज्य में साइबर हमलों के खतरे को न केवल कम किया जाएगा, बल्कि सरकारी डेटा की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।
सरकारी तंत्र को करेगा मजबूत-
राज्य के साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के अपर मुख्य सचिव ने इस कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी राज्य सरकार के साइबर तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएगी। सरकार का उद्देश्य यह है कि पाकिस्तान की ओर से उठाए गए किसी भी संभावित साइबर खतरे का त्वरित रूप से मुकाबला किया जा सके। इसके अलावा राज्य सरकार विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को भी साइबर सुरक्षा के बारे में जागरुक करेगी, ताकि किसी भी साइबर हमले का प्रभाव न्यूनतम हो।
श्रीवास्तव ने किया विभिन्न साइबर सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व
वैभव श्रीवास्तव ने साढ़े चार साल तक साइबर एसपी के तौर पर काम किया और विभिन्न साइबर सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व किया। उनके पास साइबर खतरों से निपटने का व्यापक अनुभव है। श्रीवास्तव की अगुवाई में यह कमेटी राज्य में तकनीकी दृष्टिकोण से साइबर खतरों से निपटने के लिए ठोस रणनीतियां तैयार करेगी, ताकि राज्य के नागरिक और सरकारी तंत्र इन खतरों से पूरी तरह सुरक्षित रहें।
सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के तरीकों को बताएंगे-
राज्य सरकार ने यह भी योजना बनाई है कि आम जनता में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ाई जाए। इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच साइबर खतरों से बचाव के लिए लोगों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के तरीकों के बारे में बताया जाएगा।