उज्जैन। शनिवार को लोग स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरी के द्वारा प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में संभाग स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में उज्जैन संभाग में नल जल योजनाओं की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों की अध्ययन प्रगति, रोड रेस्टोरेशन की समीक्षा, जल जीवन मिशन के अंतर्गत एफएचटीसी की अद्यतन प्रगति, हर घर जल घोषित प्रमाणीकरण ग्रामों की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
नरहरी ने बैठक में निर्देश दिए की जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की शत प्रतिशत पूर्ति की जाए तथा रोड रेस्टोरेशन कार्य तेज गति से किया जाए। सभी घरों में शत प्रतिशत नल जल कनेक्शन प्रदाय किए जाएं। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से संबंधित कोई समस्या ना आए, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रमुख सचिव के द्वारा संभाग के समस्त जिलों के सीईओ जिला पंचायत से जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्तमान में ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था पर चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि कहीं भी पेयजल की समस्या नहीं है।
साथ ही उज्जैन शहर में भी ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था पर आयुक्त नगर पालिका निगम आशीष पाठक से चर्चा की गई। उनके द्वारा बताया गया कि गंभीर नदी में आगामी 70 दिनों का पानी संग्रहित है । वर्तमान में शहर में पानी की समस्या नहीं है। हैंडपंप, सबमर्सिबल पंप व टैंकर के माध्यम से भी आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक पेयजल वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
नरहरी ने निर्देश दिए कि संभाग के शेष जिलों में जून 2025 तक के लिए एकल योजना बनाई जाए, जिसके माध्यम से समस्त नल कनेक्शन करने हेतु निर्देशित किया गया। जल निगम द्वारा क्रियान्वित की जा रही संभाग की समस्त समूह जलप्रदाय योजनाओं की प्रगति से जल निगम के परियोजना निदेशक संजय कुमार ने बैठक में अवगत कराया। इस पर प्रमुख सचिव ने समस्त योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह ने जिले में स्थापित हैंडपंप्स के कार्यरत रहने के अनुसार उनकी विभिन्न रंगों से मार्किंग कराई जाने के बारे में जानकारी पावर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी। इस पर प्रमुख सचिव ने कार्य की प्रशंसा की और अन्य जिलों में भी इस प्रयोग को करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव के द्वारा सर्वप्रथम जल जीवन मिशन के अंतर्गत उज्जैन जिले में एकल योजनाओं में समस्त नल कनेक्शन करने पर प्रशंसा की गई।
बैठक में संभागायुक्त संजय गुप्ता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता केके सोनगरिया, मुख्य अभियंता वीएस सोलंकी, एसई राजीव खुराना, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह, समस्त ई ई पीएचई, घनश्याम उपाध्याय, समस्त महाप्रबंधक जल निगम, एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।