नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने रेडक्रॉस सोसाइटी का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी में बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं स्थापित की गई हैं। अब इन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसाइटी के पूरे परिसर का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान छत और लाइटिंग से जुड़ी समस्याओं को भी देखा गया। उन्होंने कहा कि परिसर के रिनोवेशन का काम जल्द शुरू कराया जाएगा और प्रयास रहेगा कि करीब डेढ़ महीने के भीतर आवश्यक कार्य पूरा कर लिया जाए।
बालिकाओं के लिए गतिविधि केंद्र बनाने की तैयारी
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि बालिकाओं को विभिन्न गतिविधियों और कौशल से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इसके तहत मोमबत्ती, अगरबत्ती और अन्य छोटे-छोटे उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण एवं गतिविधि केंद्र शुरू करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा दिया जा सकेगा। प्रशासन का प्रयास है कि अगले दो से तीन महीनों में रेडक्रॉस सोसाइटी की व्यवस्थाओं को और बेहतर रूप दिया जाए।