नीमच। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नयागांव पुलिस चौकी, थाना जावद की टीम ने नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक टाटा ट्रक से 335 पेटी यानी करीब 3015 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
हाईवे पर तलाशी के दौरान पकड़ा ट्रक-
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात नयागांव पुलिस को अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर जावद चौराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान संदिग्ध टाटा ट्रक क्रमांक GJ10TT5246 को रोककर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की कुल 335 पेटियां मिलीं। इनमें डेन्जर कंपनी की व्हिस्की की 120 पेटी तथा डीएसपी ब्लैक व्हिस्की की 215 पेटी शामिल हैं।
पुलिस ने शराब को नियमानुसार जब्त कर ट्रक को कब्जे में लिया। मामले में ट्रक चालक के विरुद्ध थाना जावद में अपराध क्रमांक 376/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
20.10 लाख की शराब, 10 लाख का ट्रक जब्त-
कार्रवाई में पुलिस ने 335 पेटी (3015 लीटर) अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 10 हजार रुपए है, तथा करीब 10 लाख रुपए कीमत का टाटा ट्रक जब्त किया है। इसके अलावा मोबाइल फोन एवं वाहन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी-
पुलिस द्वारा अवैध शराब के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना जावद प्रभारी एवं नयागांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।