चित्तौड़गढ़। सोशल मीडिया पर हथियारों से लैस लोगों के साथ भड़काऊ रील और पोस्ट डालकर आमजन में भय का माहौल पैदा करने के मामले में डीएसटी चित्तौड़गढ़ एवं थाना कोतवाली निंबाहेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तालिब खान (26) निवासी कैंची चौराहा, डाक बंगला, निंबाहेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली निंबाहेड़ा में आर्म्स एक्ट, लड़ाई-झगड़े और बलात्कार सहित 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा वह वर्ष 2020 में मध्यप्रदेश के नीमच जिले में दर्ज 4 अवैध पिस्टल एवं 12 जिंदा कारतूस से जुड़े आर्म्स एक्ट के मामलों में भी वांछित चल रहा था।
सोशल मीडिया निगरानी के दौरान मिली जानकारी
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया एवं साइबर गतिविधियों की निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 15 अगस्त 2026 को डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर तालिब खान सोशल मीडिया पर हथियारों से सुसज्जित व्यक्तियों के साथ पोस्ट एवं भड़काऊ रील डाल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रील में दिखाई दे रहे लोग उसके परिचित हैं, जिनसे उसकी पहचान एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।
निंबाहेड़ा में 7 मामले, नीमच में भी था वांछित
पुलिस ने आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो उसके खिलाफ थाना कोतवाली निंबाहेड़ा में गंभीर धाराओं में 7 प्रकरण दर्ज मिले। ये मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। वहीं मध्यप्रदेश के नीमच जिले में वर्ष 2020 के चार अलग-अलग आर्म्स एक्ट प्रकरणों में भी वह वांछित था।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों से संबंधित पोस्ट के संबंध में आरोपी से पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि शादी समारोह में आए कुछ लोगों के पास हथियार थे और उसने उनके साथ फोटो खिंचवाई थी। पुलिस ने आरोपी से सोशल मीडिया से संबंधित पोस्ट हटवाकर भविष्य में इस प्रकार की पोस्ट नहीं डालने के लिए पाबंद किया।
नीमच के मामलों में वांछित होने के कारण आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए नीमच पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
जिला विशेष टीमरू एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद, कांस्टेबल रतन गुर्जर, अमित, अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, जगदीश, रामकेश, वीरेंद्र एवं सुरेश सुंडा।
साइबर सेलरू एएसआई राजकुमार।
थाना कोतवाली निंबाहेड़ारू थानाधिकारी प्रवीण टांक, एएसआई अर्जुनलाल, जुल्फकार, कांस्टेबल ज्ञानप्रकाश एवं महिला कांस्टेबल राजबाला।
पुलिस की युवाओं से अपील-
जिला पुलिस ने आमजन एवं युवाओं से अपील की है कि आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को सोशल मीडिया पर फॉलो या उनकी आपत्तिजनक पोस्ट एवं रील को लाइक न करें। हथियारों से संबंधित, भड़काऊ अथवा आमजन में भय उत्पन्न करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर अपलोड न करें।
पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।