चित्तौड़गढ़। नेशनल हाईवे पर टैंकर से डीजल निकालकर अवैध रूप से बेचने के मामले का चित्तौड़गढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। डीएसटी एवं थाना शंभूपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जालमपुरा पुलिया के पास स्थित होटल जंभेश्वर ढाबे पर कार्रवाई करते हुए 430 लीटर अवैध डीजल, दो ड्रम, दो प्लास्टिक के केन एवं डीजल टैंकर जब्त किया। पुलिस ने मामले में होटल संचालक एवं टैंकर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे पर टैंकरों से डीजल-पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ निकालकर अवैध रूप से बेचे जाने की सूचना पर कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई थी। डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर जालमपुरा पुलिया एवं इंडियन ऑयल डिपो, ओछड़ी के पास स्थित होटल जंभेश्वर ढाबे पर एक टैंकर से डीजल निकालकर बेचा जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद डीएसटी टीम ने थाना शंभूपुरा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से होटल पर दबिश दी। मौके पर टैंकर से डीजल निकालकर रखे गए 2 ड्रम एवं 2 प्लास्टिक के केनों में कुल 430 लीटर डीजल मिला। पुलिस ने डीजल, टैंकर एवं अन्य सामग्री को नियमानुसार जब्त कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
होटल संचालक और टैंकर चालक गिरफ्तार-
पुलिस ने मामले में श्रवण पुत्र बाबूराम विश्नोई, उम्र 45 वर्ष, निवासी सदरी, थाना लोहावट, जिला फलोदी तथा माणकराम पुत्र मंगलराम विश्नोई, उम्र 55 वर्ष, निवासी पलिना, थाना लोहावट, जिला फलोदी, टैंकर चालक, को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
430 लीटर डीजल सहित टैंकर जब्त-
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 430 लीटर अवैध डीजल, दो ड्रम, दो प्लास्टिक के केन तथा डीजल टैंकर जब्त किया है।
ज्वलनशील पदार्थों की अवैध बिक्री गंभीर खतरा-
पुलिस ने बताया कि हाईवे अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों को टैंकरों से निकालकर अवैध रूप से बेचना आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इससे आगजनी एवं बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिस द्वारा ऐसी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।