मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाली बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 7.60 लाख रुपये बताई गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा आरोपी-
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
18 अगस्त 2026 को सहायक उपनिरीक्षक के.एल. प्रजापति पुलिस टीम के साथ झारड़ा से भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से पांच प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी अजय सिंह पिता हरिसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी बेलारी, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच को गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज-
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से बरामद डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ये सामग्री हुई जब्त
100 किलोग्राम डोडाचूरा — अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये
बिना नंबर की मारुति स्विफ्ट कार — अनुमानित कीमत 5.50 लाख रुपये
विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल — अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।