पिपलियामंडी। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पलेवना में सोमवार देर रात विवाद के बाद दो भाइयों ने एक युवक एवं उसके माता-पिता पर तलवार से हमला कर दिया। घटना में युवक के सिर में करीब 10 टांके आए, जबकि उसकी मां का हाथ फ्रैक्चर हो गया। पिता के हाथ में भी 8 से 10 टांके लगे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को राय सिंह और चतर सिंह का लक्ष्मण के दोस्त शैलेंद्र से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इस दौरान लक्ष्मण ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को विवाद नहीं करने के लिए कहा। इसी बात से नाराज दोनों आरोपी देर रात लक्ष्मण के घर पहुंचे और उस पर तलवार से हमला कर दिया।
हमले के दौरान लक्ष्मण के पिता सज्जन सिंह और मां मुन्नाबाई बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में लक्ष्मण के सिर में करीब 10 टांके आए। उसकी मां मुन्नाबाई के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि पिता सज्जन सिंह के हाथ में 8 से 10 टांके लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को राउंडअप कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।