खरगोन। शहर में एक बार फिर आवारा कुत्तों के हमले का मामला सामने आया है। श्रीकृष्ण कॉलोनी में घर के पास फुटबॉल खेल रही 3 वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की महिला की नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने कुत्तों को भगाकर बच्ची को बचाया।
कुत्तों के हमले में बच्ची के पैर और जांघ में गहरे जख्म आए हैं। घायल बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी हुई है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, 3 वर्षीय वृतिका कमलेश रावत को मंगलवार दोपहर कुत्ते के हमले में घायल होने के बाद अस्पताल लाया गया। बच्ची की जांघ और पैर में गहरे घाव होने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
बच्ची के पिता कमलेश रावत ने बताया कि कॉलोनी में पिछले करीब एक सप्ताह से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। कुत्ते झुंड में घूमते हैं और आने-जाने वाले लोगों पर भौंकने के साथ ही वाहन चालकों का पीछा भी करते हैं।
घटना के बाद श्रीकृष्ण कॉलोनी के रहवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। रहवासियों ने आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने और नगर प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।