नीमच। थाना रामपुरा क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग व्यक्ति के लिए डायल-112 के जवान तत्काल मददगार बने। सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरव्ही वाहन महज 7 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचा और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार रामपुरा थाना क्षेत्र के दुधलाई चौक पर दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना 19 अगस्त 2026 को शाम 5.15 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही रामपुरा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वाहन सिर्फ 7 मिनट में मौके पर पहुंच गया।
एफआरव्ही में तैनात आरक्षक अनिल पाटीदार एवं पायलट राहुल ने बिना समय गंवाए घायल बुजुर्ग को वाहन में बैठाया और तत्काल रामपुरा चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में घायल का उपचार जारी है। पुलिसकर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।