रतलाम। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी के प्रतिभावान छात्र विशाल धाकड़ का चयन राज्य स्तरीय शालेय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता 7 से 11 सितंबर तक सीहोर में आयोजित की जाएगी। विशाल अंडर-17 आयु वर्ग के 79 किलोग्राम भार वर्ग में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विशाल ने 18 अगस्त को भानपुरा में आयोजित संभागीय स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है।
विद्यालय और जिले का बढ़ाया गौरव
विशाल के चयन पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती भारती भावसार, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपेंद्र सिंह ठाकुर, जावरा तहसील संयोजक अपार सिंह गंभीर, पूर्व जिला खेल अधिकारी महेंद्र सिंह सोलंकी एवं खेल शिक्षक नवीन सोलंकी ने उन्हें बधाई दी। सभी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
रतलाम जिले की टीम का नेतृत्व जनरल मैनेजर पृथ्वीराज सिंह राठौर ने किया, जबकि टीम के कोच आदित्य द्विवेदी रहे।
तिरंगा यात्रा निकालकर किया स्वागत
विशाल के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन की खुशी में विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों ने बाइक रैली के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि जगदीश गरगामा, उप सरपंच कैलाश धाकड़, एसएमडीसी अध्यक्ष राकेश मेहता, विनोद पटेल सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने विशाल का उत्साहवर्धन किया और राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने विशाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका चयन पूरे विद्यालय और रतलाम जिले के लिए गौरव का विषय है।