भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में असफल रहे विद्यार्थियों को सफल होने का एक मौका और दिया जा रहा है। मंडल ने दोनों कक्षाओं की दूसरी परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में असफल रहे विद्यार्थी 17 जून से 5 जुलाई 2025 तक दूसरी परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए 21 मई तक परीक्षा फार्म भरे जा सकते हैं।
मुख्य परीक्षा में असफल रहे विद्यार्थियों का साल खराब न हो, इस उद्देश्य से मंडल ने इसी साल से दूसरी परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक डिजिटाइज्ड परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। इसमें वे विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे, मुख्य परीक्षा में जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है।
परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है
हाई स्कूल (कक्षा 10वीं) की द्वितीय परीक्षा- 17 जून से 26 जून 2025 तक आयोजित की जाएगी।
हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) की द्वितीय परीक्षा- 17 जून से 5 जुलाई 2025 तक आयोजित होगी।
मंडल ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अंतिम तिथि से पहले पंजीकरण कराने को कहा है। अधिकारियों ने कहा कि अधिक जानकारी के लिए पोर्टल विजिट करें या अपने स्कूल से संपर्क करें। यह अवसर न केवल छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में बनाए रखने के लिए एक व्यवहारिक पहल भी है।