शाजापुर। जिले के सलसलाई में सारंगपुर-शुजालपुर मार्ग पर मंगलवार एक बड़ा हादसा टल गया। स्टेट हाईवे 41 पर अकोदिया की तरफ हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक ट्रक और जीप पर गिर गया। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। चालक ने तार गिरते ही तुरंत वाहन को पीछे कर लिया। तार सड़क पर गिरने से दोनों तरफ से आ रहे वाहनों की वजह से लंबा जाम लग गया। विद्युत विभाग को सूचना दी गई। करीब 30 मिनट बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर बिजली के तारों की खराब स्थिति के बारे में विद्युत मंडल को कई बार सूचित किया गया था। लाइनमैन और सुपरवाइजर को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था।