शिवपुरी। जिले के दिनारा कस्बे में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्रावास में भ्रष्टाचार का आरोप स्थानीय निवासी और आरटीआई एक्टिविस्ट ब्रजपाल सिंह द्वारा छात्रावास की अधीक्षिका शकुंतला यादव पर लगाते हुए बताया कि उन्होंने शासन से छात्राओं के उपयोग के लिए आई राशि के फर्जी बिल-बाउचर बनाकर भारी वित्तीय अनियमितता की।
बृजपाल सिंह ने उच्च अधिकारियों को सौंपे शिकायती आवेदन में आरोप लगाया है कि अगस्त 2022 से अब तक अधीक्षिका द्वारा छात्रावास संचालन के नाम पर दिनारा कस्बे के ऐसे फर्जी प्रतिष्ठानों के नाम से भुगतान कराया गया, जो वास्तव में अस्तित्व में ही नहीं हैं। उनका दावा है कि इन नामों पर भुगतान की गई राशि अधीक्षिका ने अपने पति, नौकरों और रिश्तेदारों के खातों में टांसफर कर गबन की।
शिकायतकर्ता बृजपाल सिंह ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी संलिप्त लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती, तो वे ग्वालियर खंडपीठ में जनहित याचिका दायर करेंगे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौड़ ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।