इंदौर। पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इंदौर के व्यापारी वोकल फॉर लोकल अभियान में शामिल होंगे। इस अभियान को लेकर अहिल्या चौंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले सभी व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी रविवार 8 जून को शपथ लेंगे।
रविवार को तुकोगंज क्षेत्र स्थित जाल सभा गृह में सुबह 11 बजे इंदौर के सभी व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों को नेशनल ट्रेड वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी शपथ दिलाएंगे। समारोह में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक मालिनी गौड़, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा शामिल होंगे।
अहिल्या चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सह सचिव अक्षय जैन ने बताया कि वोकल फॉर लोकल अभियान के जरिए इंदौर के 125 व्यवसायिक संगठन अपने-अपने व्यवसाय के प्लेट फॉर्म को मजबूत करते हुए अपना राष्ट्र के प्रति समर्पण दर्शाने को संकल्पित हैं। भारत के प्रधानमंत्री देश को आर्थिक तौर पर सुदृढ़ बनाने की दिशा में स्वदेशी व्यवसाय को प्राथमिकता देने पर जोर दे रहे हैं।
पीएम के आह्वान को व्यवसायिक पृष्ठभूमि पर आत्मसात करने की दिशा में इंदौर के व्यापारी पहला कदम बढ़ा रहे हैं। व्यापार के जरिए वोकल फॉर लोकल के प्रति समर्पित भाव जागृत कर अपने राष्ट्र स्वाभिमान को जीवंत करने की दिशा में अहिल्या चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के बैनर तले वोकल फॉर लोकल की शपथ लेंगे।
जैन ने बताया कि विगत एक सप्ताह से अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, महामंत्री गोपालदास अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरज खंडेलवाल के मार्गदर्शन में वोकल फॉर लोकल अभियान से जुड़ने को लेकर बाजार के विभिन्न व्यवसायिक बाजारों में जनसंपर्क अभियान भी किया गया।