मंदसौर। मप्र संस्कृति परिषद और कालिदास संस्कृत अकादमी उज्जैन के माध्यम से 26 ओर 27 जून को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले कालिदास प्रसंग का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा करेंगे। 26 जून को प्रातः 8:30 बजे भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर में कलश पूजा की जाएगी। तत्पश्चात 10:30 बजे प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ कालिदास प्रसंग का शुभारंभ होगा। इस आयोजन में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित श्लोक पाठ एवं भाषण प्रतियोगिता के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार ओर सभी सहभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
सायंकाल 7:00 बजे सांस्कृतिक मंच पर मालवा की लोक परम्परा माच शैली में मेघदूतम लोक नाट्य की प्रस्तुति उज्जैन के कलाकार द्वारा दी जाएगी। साथ ही मंदसौर नगर की स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा संस्कृति के विविध रंग आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी।
27 जून को प्रातः 11 बजे परिसंवाद का आयोजन होगा जिसमें "कालिदास के साहित्य में लोकमंगल" विषय पर विद्वान वक्तागण डॉ. रघुवीर प्रसाद गोस्वामी भोपाल, डॉ. जे एन त्रिपाठी भोपाल ओर डॉ. किरण आर्या सागर के व्याख्यान होंगे।