नीमच। ग्रुप केंद्र, नीमच के तत्वावधान में एवं डीआईजी सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की अंतर-बटालियन क्यू.ए.टी. (QAT) प्रतियोगिता-2025 का आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में 01, 07, 41, 123 एवं 148 बटालियनों की कुल 05 टीमों ने भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट काबिलियत का प्रदर्शन किया। क्यू.ए.टी. यानी "त्वरित कार्रवाई दल" के सदस्य अत्याधुनिक तकनीक से युक्त हथियारों से लैस, उच्च प्रशिक्षित एवं अनुभवी होते हैं, जो जटिल परिस्थितियों में भी कार्य करने में सक्षम रहते हैं।
समापन समारोह बुधवार को सीआरपीएफ परिसर, नीमच में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में ग्रुप केंद्र नीमच के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं में प्रदर्शन के आधार पर 01 बटालियन, नीमच ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि 41 बटालियन उपविजेता रही।
मुख्य अतिथि साहू ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने अन्य टीमों को भविष्य में और बेहतर तैयारी के साथ भाग लेने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर ग्रुप केंद्र नीमच के राजपत्रित अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।