नीमच। सरकार की श्रमिक अधिकारों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ देशभर के लाखों कर्मचारी हडताल पर रहेंगे। ऑल इण्डिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन, एआईबीओए, बैंकिंग, बीमा, जनरल इंश्योरेंस, सीटू, इंटक सहित दस केन्द्रीय श्रम संगठनों के साथ राज्य के भी श्रम संगठनों के कर्मचारी व किसान सभा के सदस्य भी इस हडताल में शामिल होंगे।
उक्त जानकारी देते हुए सीटू के राज्य सचिव कामरेड शैलेन्द्रसिंह ठाकुर, यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के जिलाध्यक्ष किशोर जेवरिया, सचिव सतीश भटनागर, इंटक के भगत वर्मा व अन्य कर्मचारी नेताओं ने बताया कि वित्तीय क्षेत्र की तेरह मांगों सहित चार श्रम कानूनों को रद्द करने, रिक्त पडे सरकारी बैंकों व अन्य कार्यालयों में स्थायी नियुक्तियां करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, न्यूनतम मजदूरी बढाने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, बडे पूंजीपतियों को लाभ व जनता को जीएसटी की मार जैसे कई मुद्दों को लेकर यह हडताल की जा रही है।
नीमच में सभी श्रम संगठनों के कर्मचारी प्रातः 10 बजे गांधी वाटिका के समक्ष एकत्रित होंगे व प्रमुख मार्गों से रैली निकालकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। सभी श्रम संगठनों के पदाधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को इस हडताल में सम्मिलित होकर हडताल सफल बनाने का आव्हान किया है।